लखनऊ में पत्रकारों की समस्याओं व मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल मिला उच्चाधिकारियों से

हाथरस पत्रकारों एवं सम्पादकों तथा मीडिया जगत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सम्पादक वेलफेयर एसोसियेशन का प्रतिनिधि मण्डल लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री और सम्बन्धित प्रदेश स्तरीय आला अधिकारियों से मिला तथा आठ सूत्रीय मांग पत्र देकर पत्रकारों की समस्याओं का समाधान कराने एवं उन्हें विभिन्न प्रकार की सुविधायें मुहैया कराने की मांग की गई है।
सम्पादक वेलफेयर एसोसियेशन के अध्यक्ष व सम्पादक अनिल कश्यप व सचिव राजू शर्मा (पत्रकार) ने लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री कार्यालय तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उ.प्र. के निदेशक और पुलिस महानिदेशक उ.प्र. पुलिस मुख्यालय जाकर मिले और आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा है कि प्रत्येक जिले में पत्रकारों व सम्पादकों के साथ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक /एस.एस.पी. के साथ प्रत्येक माह एक दिन बैठक करने के निर्देश दें। ताकि पत्रकारों के साथ पुलिस व जिला प्रशासन का सामंजस्य व मेलजोल बना रहे। मीडिया जगत से जुड़े किसी भी व्यक्ति अथवा पत्रकारों के साथ यदि कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है तो घटित होने वाली घटना के सम्बन्ध में प्राथमिकता के साथ तत्काल प्रभाव से उनकी एफ.आई.आर. दर्ज कराने के आदेश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये जायें और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उ.प्र. लखनऊ द्वारा पूर्व में सभी सम्पादकों के परिचय पत्र/ आईडेन्टी कार्ड जारी किये जाते थे, लेकिन अब यह परिचय पत्र नहीं जारी किये जा रहे, इसलिये सम्पादकों के परिचय पत्र/ आईडेन्टी कार्ड शीघ्र से शीघ्र जारी किये जायें और अन्य प्रकार की शासकीय सुविधायें भी उन्हें उपलब्ध करायी जायें। सभी पत्रकारों एवं सम्पादकों की सुरक्षा हेतु उ.प्र. सरकार द्वारा पत्रकार सुरक्षा अधिनियम (एक्ट) को लागू कर नियम बनवाकर तत्काल प्रभाव से उस नियम को उत्तर प्रदेश में लागू कराया जाये। इसके अलावा बिहार सरकार की तर्ज पर ही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी पत्रकारों को प्रत्येक माह शासन द्वारा मासिक वेतन दिलवाया जाये तथा साठ वर्ष पूर्ण होने पर उनकी पेंशन मिलने की भी व्यवस्था की जाये। ज्ञापन में यह भी मांग की गयी है कि साप्ताहिक समाचार पत्रों के मालिकों/सम्पादकों को उ.प्र.शासन व जिला प्रशासन द्वारा मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ भी उन्हें दिलवाया जाये। उच्च स्तरीय अफसरों ने ज्ञापन/ मांग पत्र पर ध्यान देकर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment