
हाथरस सीबीएसई बोर्ड अपने विद्यालयों के शिक्षकों की शिक्षण की गुणवत्ता को सुधारने के लिए लगातार प्रशिक्षण की कार्यशालाएं आयोजित कर रहा है। इसी के तहत सीबीएसई के दिल्ली स्थित उत्कृष्टता केंद्र द्वारा एक बड़े ही महत्वपूर्ण विषय पर शिक्षकों के प्रशिक्षण की दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें दिल्ली स्थित एन बी पब्लिक स्कूल में कक्षा प्रबंधन विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इसके लिए जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद विक्रम सिंह प्रधानाचार्य को रिसोर्स पर्सन के रूप में नियुक्त किया गया था।प्रिंसिपल विक्रम सिंह द्वारा बोर्ड के निर्धारित नियमों के अनुसार इस कार्यशाला में अति उत्तम ढंग से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। इस कार्यशाला का विषय अंग्रेजी में कंप्यूटर स्लाइड्स के द्वारा प्रस्तुत किया गया। विषय को रुचिकर बनाने के लिए बीच-बीच में ऑडियो तथा वीडियो क्लिप का भी प्रदर्शन किया गया।पूरे विषय को पांच उपविषयों में बांट कर बड़े ही अच्छी तरह से समझाया गया। जिसमें कक्षा प्रबंधन तथा उसके सभी प्रकारों के बारे में चर्चा विस्तृत रूप से की गई।
कक्षा कक्ष के भौतिक प्रकारों को विस्तृत रूप से समझाया गया। साथ ही उनके लाभ हानि के बारे में भी बताया गया। समसामयिक स्थितियों के हिसाब से कक्षा प्रबंधन को कैसे प्रभावित बनाएं, उससे संबंधित सभी प्रकार की विधियों के बारे में प्रतिभागियों के साथ महत्वपूर्ण तरीके से चर्चा की गई। कक्षा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए अनुशासन जैसे अवयवों का भी प्रभावी रूप से प्रयोग करने के तरीके बताए गए। सभी प्रतिभागियों ने आयोजित की गई गतिविधियों में बड़े ही सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यशाला के अंत में विक्रम सिंह द्वारा आशा व्यक्त की गई कि सीबीएसई के इस महत्वपूर्ण कदम को सार्थक बनाने के लिए अभिभावकों को भी आगे आना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों का मार्ग प्रशस्त हो सके। प्रशिक्षण कार्यशाला में दिल्ली के शिक्षक शिक्षिकाओं ने बड़ी ही ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया।












