नर सेवा ही नारायण सेवा संकल्प के साथ मनाया मां सुमित्रा रसोई का स्थापना उत्सव

हाथरस शहर के गौशाला रोड पर मां सुमित्रा सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित मां सुमित्रा रसोई एवं स्वर्गीय लाला कपूरचंद्र अग्रवाल जल सेवा के सफलतम ऐतिहासिक 4 वर्ष पूर्ण होने पर मां सुमित्रा रसोई का स्थापना उत्सव भारी हर्षोल्लास, उत्साह व उमंग तथा जन सेवा के संकल्प के साथ मनाया गया और इस मौके पर केक काटकर मां सुमित्रा रसोई द्वारा जरूरतमंद, असहाय, दीन दुखियों की सेवा में दी जा रही भोजन सेवा के अभियान को अनवरत जारी रखने का संकल्प लिया गया।
शहर के गौशाला रोड पर मां सुमित्रा सेवा ट्रस्ट द्वारा संचालित मां सुमित्रा रसोई व लाला कपूरचंद्र अग्रवाल जल सेवा ने गत 13 अप्रैल को अपने सफलतम ऐतिहासिक 4 वर्ष पूर्ण किए हैं। मां सुमित्रा रसोई पर अब तक लाखों लोगों को भोजन की सेवा प्राप्त हो चुकी है और यह सेवा आज भी अनवरत रूप से प्रतिदिन जारी है। वही मां सुमित्रा रसोई शहर की ही नहीं बल्कि जिले की एकमात्र ऐसी रसोई है, जहां जरूरतमंद, दीन दुखियों को भोजन में अलग-अलग प्रकार के व्यंजन भी मिलते हैं। इस मौके पर सभी भोजन प्राप्तकर्ताओं को भोजन के साथ कुल्फी भी वितरित की गई और करीब 650 लोगों ने स्थापना दिवस उत्सव पर भोजन प्राप्त किया।
मां सुमित्रा रसोई का चतुर्थ वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। जिसमें दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सत्संग का कार्यक्रम रखा गया तथा शाम 7 बजे से प्रसादी का आयोजन किया गया। जिसमें रसोई के सभी विशिष्ट सहयोगियों व समाज की प्रबुद्ध हस्तियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए। रसोई ने अपने इस चतुर्थ वर्ष में करीब 1 लाख 62000 लोगों को भोजन कराया और रसोई अपने इन चार वर्षो के सफर में करीब 6 लाख 70 हजार लोगों को भोजन करा चुकी है।
मां सुमित्रा रसोई भोजन सेवा के साथ-साथ आधुनिकता पर भी फोकस करते हुए कार्य कर रही है और रसोई पर इस साल एक सोलर प्लांट भी लगाया गया है, जिससे कि बिजली की बचत की जा सके। रसोई के वार्षिकोत्सव पर बहुत ही सुंदर और आकर्षक केक कटिंग भी की गई, जो कि रसोई के प्रबंधक एवं प्रमुख समाजसेवी निरंजनलाल अग्रवाल (डब्बू) व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती बबली अग्रवाल और सभी परिवारजनों ने मिलकर की गई। इस मौके पर रसोई पर इस साल भी 90 लोगों ने अपनी बुकिंग करायी।
जिसमें कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह, बड़े बुजुर्गों की पुण्यतिथि इत्यादि और अपने जीवन के महत्वपूर्ण दिनों को रसोई के साथ मिलकर बनाया। आप भी अगर कोई बुकिंग करना चाहे तो रसोई पर अपने जीवन के खास दिनों की बुकिंग कर सकते है और पुण्य अर्जित कर सकते हैं।
अंत में रसोई के प्रबंधकों द्वारा सभी आए हुए विशिष्ट अतिथियों का तहे दिल से धन्यवाद किया और उन लोगों से उम्मीद जताई कि उन सभी का सहयोग और प्यार रसोई को आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।मां सुमित्रा रसोई लक्ष्य है कि जनसेवा में यह कार्य आगे इसी तरह बढ़ता रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment