
सिकंदराराऊ । कस्बा के राठी चौराहे के पास स्थित एक स्वर्णकार की दुकान पर बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक महिला अपने परिजनों के साथ गिरवी रखे सोने के आभूषण छुड़ाने पहुंची। महिला का आरोप है कि पूरा हिसाब चुकाने के बावजूद दुकानदार ने जेवर लौटाने से इनकार कर दिया। विवाद बढ़ने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई।
महिला ने बताया कि कुछ समय पूर्व परेशानियों के चलते उसे कस्बा के राठी चौराहे के निकट स्थित एक स्वर्णकार के पास सोने के आभूषण गिरवी रखकर ब्याज पर रुपये उधार लिए थे। महिला का आरोप है कि उसका पति गलत संगत में पड़ गया है और नशे का आदी हो चुका है। वह घर की आर्थिक स्थिति और संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहा है। महिला ने यह भी बताया कि उसके पति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता और वह गलत गतिविधियों में भी लिप्त है। उसे आशंका है कि उसका पति गिरवी रखे आभूषणों का दुरुपयोग कर सकता है या उन्हें हमेशा के लिए गंवा सकता है। इन्हीं आशंकाओं के चलते महिला बुधवार को अपने परिजनों के साथ स्वर्णकार की दुकान पर पहुंची और स्वर्णकार से पूरा बकाया चुकाकर जेवर लौटाने की मांग की। हालांकि स्वर्णकार ने जेवर देने से साफ इनकार कर दिया और बहाने बनाने लगा, जिससे विवाद और बढ़ गया। मामला बढ़ता देख महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को शांत कराने में जुट गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।












