
सिकन्द्राराऊ। कस्बा के जीटी रोड स्थित मौहल्ला लाला का नगला में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपए निकालने आए युवक का एक शातिर ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से धोखाधड़ी कर 90 हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित ने कोतवाली अज्ञात शातिर युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के गांव उदपुर निवासी सुखपाल पुत्र ईतवारी लाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका कैनरा बैंक में खाता है। गत 25 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे वह जीटी रोड स्थित मौहल्ला लाला का नगला में पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचा। इस दौरान एटीएम पर मौजूद एक शातिर युवक ने उसे अपनी बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। सुखपाल को उस समय कार्ड बदले जाने की जानकारी नहीं हो सकी। बाद में जब उन्होंने अपने खाते की जांच की तो पता चला कि शातिर युवक ने धोखाधड़ी करके उनके बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए हैं। जिससे पीड़ित के पैरों तले जमीन खिसक गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस शातिर युवक की तलाश में जुट गई है।












