शराब ठेकों पर लूट करने वाला एक शातिर पुलिस मुठभेड़ में घायल

हाथरस। थाना सहपऊ पुलिस व थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में थाना सहपऊ क्षेत्रांतर्गत शराब के ठेके से हुई लूट की घटना व थाना हाथरस जंक्शन पर हुई लूट के प्रयास की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए बदमाश से हुई पुलिस मुठभेड़ के उपरांत आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश फारुख गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लुटे हुए 5 हजार रुपये, 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस, 1 मोटरसाइकिल बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि गत 20 मार्च को गजेंद्र पुत्र राम सिंह निवासी ग्राम दुपेरिया थाना सकरौली एटा द्वारा थाना सहपऊ पर तहरीर के माध्यम से सूचना दी कि वह ग्राम सिखरा स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समेन के रुप मे कार्यरत है और 19 मार्च को समय करीब रात्रि 8.25 बजे कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों द्वारा ठेके का गेट तोडकर गल्ले मे रखे रुपये ले गये है।
वहीं 24 मार्च को वादी द्वारा थाना हाथरस जंक्शन पर सूचना दी कि वह ग्राम ऐंहन पर देशी शराब के ठेके पर कार्यरत है और 22 मार्च को एक मोटरसाइकिल पर 2 लडके ठेके पर आये तथा एक नीचे खडा हो गया व दूसरा ठेके के सामने आ गया और तमंचे के बल पर ठेके पर रखा नगद रुपया छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर वहां से भाग गये । उक्त दोनों घटनाओं के सम्बन्ध मे संबंधित थानों पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किये गये ।
उक्त घटनाओं का गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में 3 टीमों का गठन कर लूट व लूट के प्रयास की घटनाओं का खुलासा करते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी करने हेतु निर्देशित किया गया तथा एसओजी व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था । टीमों द्वारा घटनाओं के खुलासे हेतु संभावित प्रयास किए जा रहे थे । जिसके क्रम में बीती रात्रि में संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में थाना सहपऊ पुलिस को चैकिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि लूट की घटना करने वाले बदमाश परसौरा बम्बे से मढाभोज वाले रास्ते से होकर कही जाने की फिराक में है । उक्त सूचना पर थाना सहपऊ पुलिस व थाना हाथरस जंक्शन पुलिस द्वारा मढाभोज वाले रास्ते पर चेकिंग की जा रही थी, चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आते हुए दिखाई दिया । पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध व्यक्ति/बदमाश को रोकने का प्रयास किया परन्तु वह नहीं रुका । थाना सहपऊ व थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में बदमाश से हुई पुलिस मुठभेड के उपरान्त आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में बदमाश फारुख पुत्र जलालूद्दीन निवासी अल्हेपुर थाना चंदपा जनपद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस द्वारा घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश द्वारा पूछताछ में अपने जुर्म से इकबाल करते हुए बताया कि वह अपने अन्य साथियो के साथ मिलकर योजना बना कर शराब के ठेको की रैकी करते है और फिर योजनाबद्ध तरीके से घटना को अंजाम देते है। उसने अपनी गैंग के साथियों के साथ मिलकर 19 मार्च को सहपऊ के ग्राम सिखरा मे स्थित देशी शराब के ठेके से रुपये लूटे थे तथा 22 मार्च को थाना हाथरस जंक्शन के ग्राम ग्राम ऐंहन मे स्थित शराब के ठेके से लूट का प्रयास किया था ।आज भी सहपऊ के ग्राम मढाका मे स्थित शराब की ठेके की रैकी करने के लिए आया था ।। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी मयंक चौधरी मय टीम थाना सहपऊ व थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा मय टीम थाना हाथरस जंक्शन शामिल थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment