
हाथरस स्थानीय श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (एनआईएसएम) और विवृति कैपिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता का का भव्य समापन हो गया।
कार्यशाला 16 मार्च से 18 मार्च तक चली और इस कार्यशाला में छात्राओं को पूंजी बाजार और निवेश की बारीकियों से अवगत कराया गया।
समापन सत्र के दौरान मुख्य वक्ता और एनआईएसएम के रिसोर्स पर्सन डॉ. अकील उर रहमान ने प्रतिभूति बाजार में करियर के विभिन्न विकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में सफल होने के लिए केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि विश्लेषणात्मक सोच, गहन चिंतन और तार्किक क्षमता का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि वे ऊर्जावान, सृजनात्मक और अपने काम के प्रति कर्तव्यनिष्ठ हैं, तो वित्तीय बाजार उनके लिए बेहतरीन करियर विकल्प साबित हो सकता है।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय रूप से साक्षर होना न केवल व्यक्तिगत विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह राष्ट्र की उन्नति में भी सहायक है। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए वाणिज्य विभाग की सराहना की। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कार्यशाला की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि तीन दिनों के दौरान छात्राओं ने शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और सुरक्षित निवेश के तरीकों को बारीकी से समझा। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में निवेश के प्रति सतर्क और सूक्ष्म रहने की सलाह दी तथा उन्होंने कहा कि हम इस तरीके की कार्यशालाओं का आयोजन भविष्य में भी कराते रहेंगे, जिससे महाविद्यालय की छात्राएं आत्मनिर्भर बन कर अपने पैरों पर खड़ी हो सके।सत्र के अंत में कार्यशाला में सक्रिय सहभागिता करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था। मंच का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभाग स्वाती बंसल द्वारा किया गया।












