विप्रो के साथ विप्र महिलाओं का भी होगा भव्य होली मिलन समारोह

हाथरस-21 फरवरी। ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में आगामी होली के पावन अवसर पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन शहर के सादाबाद गेट स्थित अंगूमल धर्मशाला पर कल 22 फरवरी को मध्हान 12 बजे से किया जा रहा है।
ब्राह्मण महासभा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह को लेकर अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा योगा पंडित ने बताया है कि इस वर्ष होली मिलन समारोह में पुरुष वर्ग के साथ महिला मण्डल का भी होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमें व्यवस्था की दृष्टि से महिला एवं पुरुष वर्ग का अलग-अलग भवन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जहां अग्रिम हॉल में पुरुष वर्ग वहीं अंदर के हाल में महिला वर्ग द्वारा सौहार्दपूर्ण आयोजन उत्साह व आनंद के साथ मनाया जायेगा।
उक्त आयोजन की जानकारी देते हुए ब्राह्मण महासभा अध्यक्ष पं.योगेंद्र शर्मा योगा पंडित ने बताया कि होली भारतीय संस्कृति का उल्लास, प्रेम और सौहार्द का पर्व है, जो समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देता है। समारोह में समाज के प्रमुख व्यक्तियों, प्रबुद्धजनों एवं युवा साथियों की सहभागिता के साथ बहनों व मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
ब्राह्मण महासभा के महामंत्री जय शर्मा ने जानकारी दी है कि कार्यक्रम में होली रसिया गायन, पुष्प वर्षा, भजन कार्यक्रम एवं स्नेह भोज के समागम से भव्यता प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से महिलाओं की गरिमा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिलाओं के लिए अलग से विशेष बैठक एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि वे भी पूरे उत्साह और सम्मान के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर सकें। ब्राह्मण महासभा ने समस्त ब्राह्मण बंधुओं, बहनों व मातृशक्ति के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।












