नवविवाहिता की मौत से सनसनीःमायके वालों ने लगाये आरोप


हाथरस-4 फरवरी। कोतवाली सदर क्षेत्र के शहर से सटे गांव नगला बेरिया में आज एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से भारी सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मायके पक्ष को सूचना मिलने पर वह गांव पहुंच गये और ससुराल पक्ष के लोग मौके से गायब थे। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताते हैं थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मेंडू रोड स्थित गांव रम नगला निवासी करीब 19 वर्षीय सिमरन पुत्री मेघ सिंह की शादी करीब 11 महीने पहले नगला बेरिया निवासी राजा नामक युवक से हुई थी, जो कि कपड़ों की सिलाई का काम करता है। आज दोपहर पिता मेघ सिंह को किसी ने सूचना दी कि उनकी बेटी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग नगला बेरिया पहुंच गये। उन्होंने सिमरन को देख ससुराली जनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान ससुराल के सदस्य वहां मौजूद नहीं थे। परिजन आनन-फानन में सिमरन को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मृतका के पिता मेघ सिंह ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने इस संबंध में आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment