कछला गंगाघाट पर गहरे पानी में डूबने से तीन की मौतःमचा कोहराम

हाथरस/सिकन्द्राराऊ कल सोमवार को गंगा दशहरा पर्व पर गंगा स्नान को गए जनपद के तीन युवाओं की जनपद बदायूं के कछला में गंगा घाट पर गंगास्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सभी के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
कल कछला गंगा घाट पर घटित घटनाओं में पहली घटना मुरसान कस्बा के मौहल्ला धोबियान निवासी 20 वर्षीय रोहित पुत्र ननकेश के साथ घटित हुई। रोहित सोमवार की सुबह अपने दो दोस्तों के साथ पैसेंजर ट्रेन से कछला घाट गंगा स्नान करने को पहुंचा था। गंगा में स्नान करने के दौरान वह अचानक तेज बहाव में चला गया और डूब गया। उसके दोस्तों द्वारा शोरगुल करने पर आसपास के लोगों ने रोहित को बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रोहित अपने पिता ननकेश का दूसरा पुत्र था। वह अपनी मां देवी के साथ मुरसान में रहता था, जबकि उसके पिता गोरखपुर में ईंट भट्टे पर मजदूरी करने गए हुए थे। सोमवार की देर रात रोहित का शव पोस्टमार्टम के बाद कस्बा मुरसान पहुंचा। जिसके बाद उसका परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। रोहित की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। रोहित बीए का छात्र था।
वहीं कछला गंगा घाट पर दूसरी घटना थाना हसायन क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों के सदस्यों के साथ घटित हुई। गंगा दशहरा पर बदायूं के कछला गंगाघाट पर गंगा स्नान करते समय ओमवीर निवासी कानऊ थाना हसायन का 16 वर्षीय पुत्र नमन कुमार उर्फ नीलेश कुमार और ओमवीर के साढू नेत्रपाल सिंह निवासी पिछौंती थाना हसायन की 12 वर्षीय पुत्री शिखा कछला गंगा घाट पर गंगास्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में डूब गए। नमन कुमार का शव सोमवार को ही मिल गया था।
परिजनों ने सोमवार की रात्रि को पोस्टमार्टम के बाद नमन का शव गांव में पहुंचा। जहां परिजनों ने गमगीन माहौल में उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सोमवार को शिखा का शव देर रात्रि तक नहीं मिला था। पुलिस एवं गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
बताया जाता है आज उसका शव गोताखोरों ने खोज निकाला। शिखा का शव गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। नमन ने इसी साल नागपुर से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी, जबकि शिखा कक्षा 7 की छात्रा थी। दोनों मृतकों के परिजनों में चीत्कार मचा रहा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment