पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव चांदनपुरा में बीती रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस एवं मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है । पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बताया जाता है कि जनपद एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के गांव लोहाखार निवासी 21 वर्षीय मंजू की शादी वर्ष 2023 में क्षेत्र के गांव
चांदनपुरा निवासी पुष्पेंद्र के साथ हुई थी। मंजू ने करीब 5 माह पूर्व एक बच्चे को जन्म भी दिया था। शनिवार की रात्रि को मंजू की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मृतका के मायके पक्ष के लोग एवं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर मंजू को लगातार परेशान किया जा रहा था। मायके पक्ष ने जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप भी लगाया है। परिजनों ने बताया कि घटना से पूर्व मंजू ने फोन पर अपने परिवार को जहर दिए जाने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही परिजन ससुराल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।












