पुराना मिल कंपाउंड में नवीन स्ट्रीट लाइटों का पालिकाध्यक्ष ने किया लोकार्पण: शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था में बड़ा कदम

हाथरस। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में बेहतर एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में आगरा रोड स्थित पुराना मिल कंपाउंड़ में नवीन स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा फीता काटकर किया गया।। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा एवं जनहित से जुड़े सकारात्मक संदेशों से प्रेरित होकर पुराना मिल कंपाउंड में नवीन स्ट्रीट लाइटों के उद्घाटन कार्यक्रम हेतु ई-रिक्शा से पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी उद्घाटन स्थल तक पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा मानना है कि हमें केवल सकारात्मक विचारों को सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण भी प्रस्तुत करना चाहिए। ई-रिक्शा जैसे पर्यावरण हितैषी साधनों का उपयोग न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक है, बल्कि यह स्वच्छ एवं जागरूक भारत के निर्माण की दिशा में भी एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण कदम है I
इस अवसर पर प्रमुख उद्योगपति मनोज अग्रवाल राया वाले, विवेक गुप्ता नगर अध्यक्ष भाजपा, अशोक गोला सभासद, रामजीलाल वर्मा सभासद, दिनेश सिंह (नन्हे भैया) सभासद, धीरज जैन सभासद प्रतिनिधि, बीना जैन सभासद एवं शालिनी मौजूद थीं।। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सभी ने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी होने से आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तथा राहगीरों एवं व्यापारियों को आवागमन में राहत प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका परिषद लगातार कार्य कर रही है।
नगर पालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 350 नग 90 वाट की आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटों की खरीद कर अधिष्ठापन कराया जा रहा है। यह स्ट्रीट लाइटें नगर के प्रमुख बाजारों में विद्युत पोलों पर लगाई जा रही हैं, जहां पूर्व में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं थी।
नगर के इन प्रमुख बाजार क्षेत्रों में प्रतिदिन भारी संख्या में आमजन का आवागमन बना रहता है। रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी के अभाव में व्यापारियों, राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद अब इन क्षेत्रों में रात्रि के समय बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित होगी।केवल मुख्य बाजार क्षेत्रों तक ही सीमित न रहते हुए नगर के अन्य वार्डों में भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। पालिका प्रशासन द्वारा राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत लगभग 3000 नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद की कार्यवाही भी प्रगति पर है। इन लाइटों के स्थापित होने के बाद नगर के लगभग सभी प्रमुख मार्ग एवं पोल रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद द्वारा स्ट्रीट लाइटों के संचालन को व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के लिए ऑटो टाइमर भी खरीदे जा रहे हैं। इन ऑटो टाइमरों के माध्यम से स्ट्रीट लाइटें निर्धारित समय पर स्वतः चालू एवं बंद होंगी, जिससे दिन के समय लाइटों के अनावश्यक जलने की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा तथा विद्युत ऊर्जा की भी बचत होगी।
कार्यक्रम में सभी लोगों ने नगर पालिका परिषद एवं पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों से शहर की तस्वीर बदल रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment