
सिकन्द्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के हाथरस रोड स्थित पशु पैंठ के समीप सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे दो लोगों को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है। घायल युवक के पिता ने अज्ञात बाइक चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली में कमल सिंह पुत्र भगवानदास निवासी गांव भरतुआ गढ़राना जिला अलीगढ़ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 10 मई की दोपहर 1.40 बजे करीब उनका पुत्र बंटी अपने दोस्त मनवीर सिंह के साथ पशु पैंठ के निकट सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी तेज गति से हाथरस की ओर से आ रही एक बाइक ने दोनों मित्रों में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवकों का इलाज अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।












