राष्ट्रवादी प्रताप सेना ने दी आंदोलन की चेतावनी:ज्ञापन सौंपा

हाथरस। राष्ट्रवादी प्रताप सेना एवं भारतीय किसान मजदूर संगठन के नेतृत्व में ग्राम खरवा एवं आसपास क्षेत्र के ग्रामीणों ने ग्राम खरवा लिंक मार्ग से ग्राम चिन्तापुर बदन स्थित सरकारी अस्पताल तक जाने वाली जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में सड़क की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि उक्त सड़क का निर्माण वर्ष 1996-97 में हुआ था तथा वर्ष 2000 में इसका डामरीकरण कराया गया था, लेकिन पिछले लगभग 21 वर्षों से सड़क पर किसी प्रकार का मरम्मत कार्य नहीं कराया गया। वर्तमान समय में सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों, मरीजों एवं किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल, प्रधानमंत्री पोर्टल सहित विभिन्न विभागों में कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन लोक निर्माण विभाग, मंडी परिषद, पंचायत राज विभाग एवं जिला ग्राम्य विकास अभिकरण एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। किसी भी विभाग द्वारा सड़क निर्माण की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से स्वीकार नहीं किए जाने के कारण वर्षों बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह शेखावत ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों एवं आमजन की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और संगठन जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सड़क का पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण नहीं कराया गया तो भारतीय किसान मजदूर संगठन एवं राष्ट्रवादी प्रताप सेना ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञापन पर की गई कार्यवाही की प्रगति रिपोर्ट 15 दिन बाद सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत प्राप्त की जाएगी।
ज्ञापन देने के दौरान हरेंद्र सिंह सिसोदिया, पुनीत कुमार, सुनील परमार, अशोक परमार, सत्येंद्र ठाकुर अग्निहोत्री, महेशचंद्र, तेज सिंह, राजवीर सिंह, अरविंद कुमार, जानकी प्रसाद, सर्वेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर जिम्मेदार विभाग तय किया जाए तथा ग्राम खरवा लिंक मार्ग से चिनापुर बदन सरकारी अस्पताल तक सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।












