अघोषित बिजली कटौती से हाहाकार: पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने डीएम और विद्युत विभाग को लिखा पत्र

हाथरस शहर में इन दिनों लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का हाल बेहाल है। इस गंभीर समस्या को लेकर जनता में पनप रहे आक्रोश को देखते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम (डीवीवीएनएल) के अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल कार्यवाही की मांग की है।वर्तमान में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में बिजली की आंख-मिचैली ने कोढ़ में खाज का काम किया है। दिन हो या रात, किसी भी समय घंटों तक बिजली गायब रहने से न केवल लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि शहर में पेयजल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बिना पूर्व सूचना के हो रही इस कटौती से व्यापारी वर्ग, कारखानेदार और छात्र भी खासे परेशान हैं। जनता की इस पीड़ा को उठाते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष पं.आशीष शर्मा ने जिलाधिकारी और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के उच्चाधिकारियों को एक विस्तृत पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि शहर में मनमाने ढंग से की जा रही यह बिजली कटौती पूरी तरह से अनुचित है। सरकार के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जा रही है, जो कि विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। पं. आशीष शर्मा ने अपने पत्र के माध्यम से अधिकारियों से मांग की है कि शहर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जर्जर तारों और जर्जर ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा हो ताकि अघोषित कटौती पर रोक लग सके।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment