मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता: पुलिस,प्रशासन व परिजन नीचे उतरने की कर रहे गुहार

सासनी। कोतवाली क्षेत्र में कैलोरा रोड़ स्थित गांव लुटसान में आज दोपहर उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।टॉवर पर चढ़ी महिला का कई घंटे तक टावर पर विरोध प्रदर्शन जारी है, जिससे पुलिस और प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर सूचना पाकर तत्काल एसडीएम नीरज शर्मा और भारी पुलिस बल पहुंच गया।
बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरवाना निवासी 30 वर्षीय पूजा पत्नी यशपाल सिंह आज अपनी ससुराल से निकली थी और वह लुटसान रोड पर एक ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर उसके सबसे ऊपरी हिस्से पर जा बैठी। महिला को इतनी ऊंचाई पर देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। टॉवर पर चढ़ने के बाद महिला ने अपने मायके वालों को फोन पर घटना की जानकारी दी।। सूचना मिलते ही सासनी के हरीनगर निवासी उसके पिता राजेंद्र और भाई मौके पर पहुंच गए। परिजन लगातार फोन के जरिए पूजा से नीचे उतरने की गुहार लगा रहे हैं। पिता राजेंद्र ने बताया कि पूजा की शादी दो साल पहले ही हुई थी।
वहीं कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड की टीम बचाव कार्य के लिए तैयार है, लेकिन महिला के आक्रामक व्यवहार के कारण सावधानी बरती जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि महिला के नीचे उतरने के बाद ही उसके इस कदम के पीछे के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल प्रशासन और परिजन उसे समझाने में जुटे हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment