
हाथरस श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में प्रज्ञा परिषद (ब्रज प्रांत) के अध्ययन केंद्र का विधिवत शुभारंभ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और नैतिक मूल्यों पर आधारित व्याख्यान आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संयोजक देवराज सिंह ने केंद्र का शुभारंभ करते हुए कहा कि हमें अपनी भारतीय ज्ञान परंपरा पर गर्व करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़ने और देश के गौरवशाली इतिहास को समझने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांत अध्यक्ष प्रो. शर्मिला शर्मा ने महिला सशक्तिकरण और संस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज की उन्नति के लिए माँ का सम्मान सर्वोपरि है। वहीं प्रांत संयोजक डॉ. हरेंद्र गौड़ ने सामाजिक ढांचे की मजबूती के लिए परिवार की मर्यादा को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रत्येक नागरिक को सनातन धर्म की गहरी जानकारी और उस पर गर्व होना चाहिए।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए धर्म के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने वर्तमान समय की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि छात्राओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए और लव जिहाद जैसी सामाजिक विसंगतियों से सावधान रहना चाहिए। इस मौके पर प्रो.मंजू वर्मा, डॉ. ललितेश तिवारी, डॉ.कुसुमलता शर्मा, डॉ. अमित भार्गव आदि उपस्थित थे।












