
सिकन्द्राराऊ सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि ने हर घर जल योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहम्मद मुशीर कुरैशी भी मौजूद थे।
सांसद ने कार्यों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण से पूर्व सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि नगर पालिका परिषद पहुंचे और अध्यक्ष मोहम्मद मुशीर कुरैशी के साथ नगर के विकास कार्यों तथा पेयजल व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता और अन्य अधिकारियों के साथ लगभग 52 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले वाले विकास एवं जलापूर्ति कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। सांसद ने जवाहर पार्क स्थित पानी की टंकी और स्टेट बैंक के सामने नवनिर्मित पानी की टंकी का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर संबंधित रजिस्टरो का अवलोकन किया। जिनमें कुछ कमियां पाई गईं। इस पर सांसद ने जल निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए अभिलेखों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि नगरवासियों को जल निगम के माध्यम से जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। लगभग एक घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के अन्दर निर्माण कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया।












