
सिकंदराराऊ । आठ दिन पूर्व सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव सिंचावली कदीम निवासी में एक 30 वर्षीय युवक की बीती रात अलीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई । युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताया जाता है कि गांव सिंचावली कदीम निवासी 30 वर्षीय हरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह आठ दिन पूर्व सड़क किनारे बैठे हुए थे, तभी उन्हें एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी । दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। हादसे के बाद परिजन हरेंद्र को उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए थे। वहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां सोमवार की रात्रि को हरेंद्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार के लोग शव को गांव ले आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया । हरेंद्र खेती-बाड़ी कर अपना जीवन यापन करते थे। हरेंद्र की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।












