
हाथरस श्री रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा कुमारी शिवांगी सिंह को जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा टैबलेट देकर सम्मानित किया गया। छात्रा शिवांगी सिंह ने विद्यालय में रहते हुए सन 2022 में जवाहरलाल नेहरू बाल विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया और क्रमागत रूप से चयनित होकर 12 से 15 दिसंबर तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय 50 वीं बाल विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया था और राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उस समय इस प्रतियोगिता का आयोजन रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल लखनऊ में किया गया था। जहां पर स्थान प्राप्त छात्र- छात्राओं को कथित तौर पर घोषणा द्वारा अवगत कराया गया कि आगामी समय में उन्हें टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। घोषणा के अनुसार राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान को स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं के लिए ससमय टैबलेट उपलब्ध करा दिए गए और राज्य के सभी मंडलों ने यह टैबलेट प्राप्त कर समय से प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बांट दिए। परंतु अलीगढ़ मंडल में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को घोषणा के अनुसार टैबलेट नहीं प्राप्त हो सके। इस सबके पीछे अलीगढ़ मंडल के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर की हठधर्मिता रही। जब छात्रा को टैबलेट प्राप्त नहीं हुआ तो उक्त छात्रा ने आइजीआरएस पोर्टल पर उपरोक्त के संदर्भ में शिकायत की। जिसके चलते सकारात्मक रूप से कार्यवाही की गई और लगभग 4 साल के बाद अलीगढ़ मंडल के छात्र-छात्राओं को वह धूल फांक रहे टैबलेट प्राप्त हो सके। अंततः 4 वर्ष की लंबी लड़ाई लड़कर मुख्यमंत्री पोर्टल की सहायता से छात्रा ने अपने हक का पुरस्कार प्राप्त कर लिया है। साथ ही साथ मंडल के अन्य बच्चों को भी यह पुरस्कार प्राप्त हो सका है।












