
हाथरस-। युद्ध संकट के चलते उत्पन्न हुई गैस की समस्या को लेकर गैस उपभोक्ता परेशान हैं और गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। वहीं गैस उपभोक्ताओं द्वारा विभिन्न तरह की शिकायतें गैस एजेंसी पर दर्ज कराई जा रही हैं और उनका समाधान कराया जाने की मांग की जा रही है तथा आज एक गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर उपभोक्ताओं द्वारा भारी हंगामा किया गया।
शहर के अलीगढ़ रोड पर नगर पालिका मार्केट स्थित श्याम गैस एजेंसी पर आज गैस सिलेंडर नही मिलने पर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा काटा तथा हंगामा की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुँच गई। गैस सिलेंडर की गाड़ी गोदाम पर आने और जल्द गैस सिलेंडर की डिलीवर देने की बात पर लोगों का हंगामा शांत हुआ।
बताया जाता है नगर पालिका मार्केट स्थित श्याम गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने आये गैस उपभोक्ताओं महिला व पुरूषों ने काफी देर होने के बाद भी उनकी कोई सुनवाई नही रही थी और परेशान होकर एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। हंगामा काट रही महिलाओं ने एजेंसी पर सिलेंडर ब्लैक करने के भी आरोप लगाये। उनका कहना था कि गैस डिलीवरी के मैसेज उनके पास आये है, लेकिन सिलेंडर नही मिला है। वहीँ गैस एजेंसी कर्मचारी द्वारा प्लांट से गैस नही मिलने की भी बात कही जा रही है। काफी देर तक हंगामा होता रहा। गैस सिलेंडर नही मिलने पर उपभोक्ता वापस लौट गये।












