मोपेड व बाइक में भीषण भिड़न्तः1की मौतः4 घायल

सादाबाद-। कोतवाली क्षेत्र के मथुरा मार्ग पर गांव नौगांव के पास आज दोपहर एक मोपेड और अपाचे बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 70 वर्षीय एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक राहगीर सहित चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगरा रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के नगला मया निवासी करीब 70 वर्षीय वृद्ध भगवान सिंह पुत्र गजाधर सिंह आज दोपहर करीब सवा बजे अपनी मोपेड से नौगांव से लौट रहे थे। इसी दौरान मथुरा की ओर से आ रही एक अपाचे बाइक ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास से पैदल गुजर रहा एक राहगीर भी इसकी चपेट में आ गया और हादसे में पांच लोग घायल हो गये।
घायलों में नौगांव निवासी अनिल पुत्र मनवीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं अपाचे बाइक सवार मथुरा के रैपुरा जाट निवासी अंकित पुत्र शिवराम, नगला ब्राह्मण थाना सहपऊ निवासी बृजेश पुत्र बाबूलाल और गौरव पुत्र घनश्याम का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद मोपेड़ सवार भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment