
हाथरस-। थाना चंदपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर आज गांव केवलगढ़ी के निकट एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में चला गया और एक पेड़ से टकरा गया। वहीं हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे उपचार हेतु भिजवाया गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर राहगीरो की भारी भीड़ लग गई। वहीं सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई ।। बताया जाता है आज दोपहर थाना चन्दपा क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गांव केवलगढ़ी के समीप एक बंद बॉडी कंटेनर हाथरस की ओर से आगरा की ओर जा रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि कंटेनर ट्रक के ब्रेक या स्टेयरिंग फेल हो जाने से कंटेनर सड़क किनारे एक करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर खेत में जा पहुंचा। इस दौरान कंटेनर एक पेड़ से भी टकरा गया जिसके चलते कंटेनर का ड्राइवर केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कंटेनर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की खबर से मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई और राहगीरों व क्षेत्रीय लोगों द्वारा तत्काल गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर थाना पुलिस भी पहुंच गई थी।












