सासनी तहसील मुख्यालय पर एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त हुए लेखपाल जनरल सिंह को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर साथी कर्मचारियों और अधिकारियों ने उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि जनरल सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान राजस्व विभाग में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया। उन्होंने किसानों की समस्याओं का निराकरण करने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली अन्य युवा लेखपालों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
विदाई के समय साथी लेखपालों ने जनरल सिंह का फूल-मालाओं और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। इस दौरान वातावरण काफी भावुक रहा। जनरल सिंह ने भी सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तहसील परिवार से उन्हें जो स्नेह और सहयोग मिला, उसे वह ताउम्र याद रखेंगे। विदाई कार्यक्रम में तहसील के अन्य लेखपालों और कर्मचारियों ने जनरल सिंह के साथ बिताए गए पलों और उनके अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों का जनरल सिंह ने हमेशा मुस्कुराकर सामना किया। इस मौके पर तहसीलदार डॉली यादव, कानूनगो प्रमोद अग्निहोत्री, लेखपाल संघ के पूर्व लेखपाल प्रेमपाल सिंह, जगन्नाथ सिंह, बलवीर सिंह, गौरव चैधरी, विवेक वार्ष्णेय, गिवेन्द्र कुमार, योगेश कुशवाहा प्रधान, सतीश कुशवाहा, बंटी कुमार महेन्द्र पाल सिंह एडवोकेट, सभी लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक एवं अन्य पदाधिकारी तथा सेवानिवृत लेखपाल जनरल सिंह के परिजन मौजूद रहे।












