
सिकंदराराऊ । एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी । हादसे में ट्रैक्टर सवार एक युवक की मौत हो गई ,जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि शनिवार की रात्रि को जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव मिर्जा चांदपुर निवासी 35 वर्षीय आसिफ पुत्र मखबूल और ट्रैक्टर चालक उमर फारूक पुत्र अंसार एटा से ट्रैक्टर ट्रॉली में लकड़ियां लादकर अपने गांव लौट रहे थे। रात्रि 11 बजे करीब जैसे ही ट्रैक्टर सवार गांव हुसैनपुर के समीप पहुंचे ,तभी एक तेज गति से आ रहे वाहन ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी । हादसे में आसिफ और ट्रैक्टर चालक उमर फारूक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया । जहां से चिकित्सकों ने घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने आसिफ को मृत घोषित कर दिया। घायल उमर फारूक का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई । सूचना पाकर परिजनों में चीत्कार मच गया और परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना को अंजाम देकर वाहन चालक वाहन को मौके से भगा ले गया। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुट गई है ।












