
सासनी के गांव रुदायन में स्थित सिद्ध पीठ मां पथवारी मंदिर परिसर में बीती रातअत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां भगवती की ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
जागरण का शुभारंभ युवा समाज सेवी कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत विख्यात भजन गायक विकास शर्मा ने अपनी मधुर वाणी से माता की महिमा का गुणगान किया। ‘पर्वत पर रहने वाली…’ और ‘मैय्या का सजा है दरबार…’ के अलावा अन्य कलाकारों ने भी माता की भेंट और भजन गाए। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। जागरण के दौरान प्रस्तुत की गई सजीव झांकियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। विशेष रूप से महाकाली का रौद्र रूप, राधा-कृष्ण की मनमोहक रासलीला और भगवान शिव-पार्वती के प्रसंगों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। कलाकारों के अभिनय और नृत्य ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन समिति के रजत ठाकुर ने बताया कि मां पथवारी हाल ही में नवदुर्गा महोत्सव से पूर्व मां पथवारी की नई प्रार्थना की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी इसके उपलक्ष्य में यह विशाल देवी जागरण का आयोजन किया गया है। जिसमें समस्त ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग रहा है। कार्यक्रम का समापन भोर में महाआरती और विशाल भंडारे (प्रसाद वितरण) के साथ हुआ। सुरक्षा व्यवस्था समिति कार्यकर्ता बहुत पदाधिकारी ने संभाली। इस दौरान रजत ठाकुर, विवेक कुमार, रवी उर्फ चीकुला, माधवी सिंह, डिंपी, भोला शर्मा, उपेन्द्र कुमार , लालू , जीते दूध वाला, प्रशान्त पाठक, कनना, दुर्गेश कुमार, डम्बर, विजेन्द्र आदि समिति के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।












