क्षेत्र के गांव ऊतरा के निकट शुक्रवार की दुपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बुआ और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, गांव सिकुर निवासी 18 वर्षीय किरन पुत्री हेमसिंह अपने रिश्ते के भतीजे 23 वर्षीय विशाल पुत्र दीपचंद के साथ बाइक पर सवार होकर सासनी आ रही थी। जैसे ही उनकी बाइक गांव ऊतरा के पास पहुंची, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों ने तत्काल अपने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सासनी सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने वहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, किरन की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल किरन का उपचार जारी है। विशाल ने बताया कि वह अपनी बुआ किरन को लेकर बाइक से सासनी किसी काम से आ रहा था, तभी गांव ऊतरा के पास यह घटना हुई।












