
हाथरस। कल रामनवमी पर शहर में 144 वर्ष पुरानी मूंछों वाले रामचंद्र जी महाराज की भव्य शोभायात्रा चावड़ गेट से निकाली जायेगी। मूंछों वाले राम जी महाराज तिमंजिला रथ में सवार होकर शहर भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा की आयोजकों द्वारा भव्य तैयारियां की गई हैं।
शहर में 144 वर्ष पुरानी मूंछों वाले रामचंद्र जी महाराज की भव्य शोभायात्रा का आयोजन बाग बैनीराम स्थित ठा. श्रीकृष्ण चंद्र जी महाराज मंदिर के अंतर्गत प्रबंधक तुलसी प्रसाद पोद्दार के सानिध्य में होगा। वहीं प्रबंधक तुलसी प्रसाद पोद्दार ने बताया कि इस मेले की शुरुआत वर्ष 1882 में सेठ बैनीराम पोद्दार ने की थी। जब उन्होंने वृंदावन से प्रेरणा लेकर हाथरस में पांच मंजिला भव्य रथ का निर्माण कराया। उसी वक्त से यह शोभायात्रा रामनवमी पर प्रतिवर्ष परंपरागत रूप से निकाली जाती है, जो शहर के प्राचीनतम मेलों में शुमार है।
शोभायात्रा को लेकर ट्रस्टी पुनीत पोद्दार व तरुण पोद्दार ने बताया कि यह सर्वसमाज का मेला है। शोभायात्रा शुभारंभ शाम करीब पांच बजे गमेल वाली बगीची चामड़ गेट से होगा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर बाग बैनीराम पहुंचेगी। जहां से पुनः चामड़ गेट पर पहुंच कर संपन्न होगी। शोभायात्रा में उस्ताद किशनलाल शर्मा के सानिध्य में माता काली के स्वरूप का भ्रमण तथा मुन्नालाल शर्मा एडवोकेट के निर्देशन में शस्त्र विद्या का प्रदर्शन किया जायेगा।












