माता रानी के जयघोषों से वातावरण हुआ गुंजायमान

सिकंदराराऊ । चैत्र नवरात्र के पांचवे दिन सोमवार को देवी भक्तों द्वारा आस्था के साथ माँ भगवती के पांचवे स्वरूप माँ स्कंदमाता की घर घर में आराधना की गई। भोर से ही देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना करने को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और माता रानी के दर्शन कर श्रद्धालुओ ने माता रानी परिक्रमा की। जिससे मंदिरों में माहौल भक्तिमय बना रहा। देवी की पूजा अर्चना करने को भक्तों में खासा उत्साह नजर आया।
सोमवार की सबुह से ही भक्तों ने घरों में लौंग , कपूर से माँ की पूजा अर्चना की । देवी मंदिरों में भोर से ही भक्त माता का जलाभिषेक करने को हाथों में लौटा एवं अग्यारी कुंड लेकर पहुँचे । जहाँ भक्तों ने उपवास रखकर घरों एवं मंदिरों में श्रद्धा पूर्वक माता रानी का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की मनोकामना पूर्ण करने के लिए प्रार्थना की। कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ माँ ब्रजेश्वरी पथवारी माता मन्दिर , पीपल वाली माता मन्दिर , माँ चामुंडा मन्दिर, शिवालय वाली काली माता , केला माता मंदिर ,संतोषी माता मंदिर पर माता रानी के दर्शन करने को भोर से ही देवी भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरो में भक्ति का सैलाब दोपहर तक उमड़ा। शाम को मंदिरों पर रंग बिरंगी विद्युत झालरें एवं सजाए गए फूल बंगला लोगो को आकर्षित करते नजर आए। मंदिरों में माता रानी के नयनाभिराम श्रृंगार किए गए और धार्मिक अनुष्ठानो का आयोजन भी हुआ । मंदिरों से लेकर घरों तक भक्ति की बयार बही। माता रानी के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो गया।












