रोजगार मेला में 1181 अभ्यर्थियों का 26 कम्पनियों ने किया चयनःदिये आॅफर लेटर

हाथरस। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उ.प्र. कौशल विकास मिशन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त   तत्वाधान में सेठ फूलचंद बागला पी.जी. कॉलेज में आयोजित वृहद रोजगार मेले में विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास  अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर रोजगार मेले का उद्घाटन किया तथा चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आयोजित वृहद रोजगार मेले के अवसर पर विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों का   धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसी भी परिवार में एक सदस्य को रोजगार मिलने से पूरे परिवार की दिशा और दशा बदल जाती है तथा आने वाली पीढ़ियां भी इससे लाभान्वित होती हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा वह सशक्त माध्यम है, जिसके बल पर व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है। यदि युवा पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें, तो वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं।
विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान में अनुकूल वातावरण के साथ-साथ सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोजगार के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनके भीतर ऊर्जा और उत्साह का संचार होना स्वाभाविक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने उत्साह को सकारात्मक दिशा में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का चयन इस बार नहीं हो पाया है, वे निराश न हों, बल्कि अपनी कमियों का आत्ममंथन कर उन्हें दूर करने का प्रयास करें।
 जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि रोजगार युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जब अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा दिलाते हैं  और उन्हें समय पर रोजगार नहीं मिलता, तो यह एक बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगभग 26 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया गया है, जो सराहनीय पहल है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंच पर जनप्रतिनिधिगण एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपेक्षा की कि वे जिस संस्थान में चयनित हुए हैं, वहां पूरी लगन, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करें, ताकि भविष्य में भी कंपनियां हाथरस आकर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करें।  महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज चयनित हुई बेटियां इसका सशक्त उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक सशक्तिकरण तभी संभव है, जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। जिला सेवायोजन अधिकारी ने अवगत कराया कि रोजगार मेले में 26 नियोक्ता कम्पनियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। रोजगार मेले में लगभग 1402 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। नियोक्ता कम्पनियो द्वारा 1181 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परीयोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्य पी.सी. बागला डिग्री कॉलेज, प्रधानाचार्य आईटीआई, सहायक निदेशक सेवा योजना अलीगढ़, जिला सेवा योजना        अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment