गांव समामई रूहल में डीएम अतुल वत्स की प्रेरणा और मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के कुशल निर्देशन में दाऊजी गौशाला के कायाकल्प और सुविधाओं के विस्तार करते हुए सोमवार की दोपहर करीब बारह बजे गौशाला परिसर में बृहद शेड निर्माण कार्य का विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और राजनेताओं की भी मौजूदगी रही।
सोमवार को आयोजित कार्रक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि हाथरस विधायक अंजुला माहौर और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और सासनी एसडीएम नीरज शर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आचार्य पंडित खगेंद्र शास्त्री ने विधि-विधान और वेदमंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया। इस अवसर मुख्यातिथि एवं अन्य वक्ताओं ने गो सेवा नारायण सेवा के संकल्प को दोहराया। प्रशासन द्वारा बताया गया कि इस नए बृहद शेड के निर्माण से गौवंश को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सकेगा। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए संबंधित ग्राम पंचायत को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस विकास कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था गांव समामई रूहल को सौंपी गई है, जो विकास खंड सासनी के अंतर्गत इस परियोजना को पूर्ण करेगी।












