नवरात्र के प्रथम दिन माँ शैल पुत्री की भक्तों ने की आराधना

हाथरस/सिकन्द्राराऊ आज से चैत्र नवरात्र प्रारंभ हो गए हैं। जिसके चलते देवी भक्तों द्वारा प्रथम दिन घरों में चैकी लगाकर माता रानी को विराजमान किया। उन्होंने मिट्टी के कलश में जलकर भरकर उस पर लाल कपड़े में नारियल रखा। साथ ही गेंहू और जौं भी बोए गए। भोर से ही जनपद के देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना करने को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
कस्बा सिकन्द्राराऊ के मौहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ माँ पथवारी माता मन्दिर, माँ चामुंडा माता मंदिर, पीपल वाली माता, काली माता मंदिर, केला माता मंदिर पर माता रानी के दर्शन करने को भोर से ही देवी भक्तों का तांता लगा रहा। देवी भक्तों द्वारा उपवास रखकर घरों एवं मंदिरों में श्रद्धा पूर्वक माता रानी की पूजा अर्चना की गई । देवी भक्तों ने आज माँ शैल पुत्री का पहला उपवास रखकर घरों में अग्यारी कर मनोती मांगी। देवी के जयघोषों से कस्बा का वातावरण गुंजायमान हो गया।
वही इधर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों मां बौहरे वाली देवी, मां चामुंडा मैया चावड़ गेट, मां चामुंडा मैया रमनपुर, मां पटवारी देवी किला गेट, मां कंकाली देवी मंदिर सासनी, मां भद्रकाली मंदिर देवी आदि मंदिरों पर भी माता की आराधना के लिए भक्तों की भारी भीड़ सुबह से उमड़ पड़ी और भक्तों द्वारा जलाभिषेक कर मां भगवती की आराधना की गई। नवरात्र के चलते देवी मंदिरों को विद्युत रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है। माँ चामुंडा, काली माता मंदिर, पीपल वाली माता, केला माता आदि मंदिरों पर भक्तों ने माता रानी की श्रद्धा पूर्वक पूजा अर्चना की। प्रथम दिन देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना का दौर दोपहर तक चलता रहा। मंदिरों में दोपहर तक देवी भक्तो की खासी भीड़ उमड़ी। माता रानी के जयघोषों से वातावरण भक्ति से सराबोर हो गया। वहीं शाम को पथवारी माता मंदिर पर माता रानी के अलौकिक श्रृंगार किए गए एवं फूल बंगले भी सजाए गए। जिनके दर्शनों को भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment