
सिकन्द्राराऊ कासगंज रोड स्थित गांव नावली लालपुर के निकट आज एक साईकिल सवार 28 वर्षीय युवक को एक तेज रफ्तार ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई । युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताया जाता है गांव नौरथा ईशेपुर निवासी 28 वर्षीय युवक सुभाष पुत्र नवाब सिंह आज सुबह अपने गांव से साईकिल पर सवार होकर कस्बे की ओर आ रहा था। जैसे ही वह गांव नावली लालपुर के समीप पहुंचा। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने साईकिल में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मृतक के परिजनों एवं पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर परिजनों में हाहाकार मच गया। सूचना पाकर पुलिस एवं मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया।
बताया यह भी जाता है कि मृतक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। मृतक अपने पीछे एक मासूम बच्चे एवं पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है ।












