
सादाबाद-6 मार्च। कोतवाली क्षेत्र के मथुरा मार्ग पर आज शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति और उनके मासूम बच्चे को एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क किनारे खाई में जा गिरे। उक्त लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के मथुरा रोड पर आज शाम करीब साढ़े छः बजे मथुरा जनपद के महावन क्षेत्र निवासी रोहित कुमार अपनी पत्नी पूजा देवी और छोटे बच्चे शिवांश के साथ बाइक से सादाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। वह मथुरा मार्ग स्थित नया बाग से पहले ही पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
घटना में रोहित कुमार, उनकी पत्नी पूजा देवी और गोद में बैठा बच्चा शिवांश घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की सहायता से तीनों घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












