
हाथरस-21 फरवरी।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा विधानसभा में बजट सत्र के अन्तिम दिन शिक्षामित्रों का मानदेय अप्रैल माह से 18,000 रु प्रतिमाह दिए जाने की घोषणा किये जाने पर आदर्श समायोजित शिक्षक-शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने भारी हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के मांडलिक मंत्री/जिलाध्यक्ष ब्रजेश वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरुजी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए इस निर्णय को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के हित में भले देर से ही सही पर सकारात्मक निर्णय बताया है। गत 19 जनवरी को आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री उमेश पांडेय, मांडलिक मंत्री/जिलाध्यक्ष ब्रजेश वशिष्ठ के हस्ताक्षर युक्त मांग पत्र के साथ में एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह गुरुजी ने अपना पत्र संलग्न कर मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें सौंपा था और मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लिए जाने हेतु उनको आश्वस्त भी किया था।
जिलाध्यक्ष एवं मांडलिक मंत्री बृजेश वशिष्ठ ने कहा है कि वर्ष 2017 में समायोजन निरस्त होने के बाद से उत्तर प्रदेश सरकार व शिक्षामित्रों के बीच समन्वय, सामंजस्य स्थापित करने हेतु नींव मेला श्री दाऊजी महाराज वर्ष 2022 के मेला पांडाल में रखी गई थी। समायोजन निरस्त होने के बाद उत्तर प्रदेश का पहला विशाल शिक्षामित्र सम्मेलन जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे थे। जिन्होंने लगभग 2 घंटे शिक्षामित्रों के बीच में उपस्थित रहकर शिक्षामित्रों की नियुक्ति से लेकर समायोजन निरस्त होने तक के पूरे घटनाक्रम को बहुत ही गंभीरता से सुना था और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सभी पहलुओं पर चर्चा करके सकारात्मक निर्णय की दिशा में आगे बढ़ने के लिए आश्वस्त किया था। जिलाध्यक्ष बृजेश वशिष्ठ ने कहा है कि उक्त निर्णय आज उसी का सुखद परिणाम है।












