गंदगी व जलभराव के विरोध में प्रदर्शनःपुतला फूंका

हाथरस-21 फरवरी। शहर के सादाबाद गेट स्थित चूना वाला डंडा क्षेत्र में गंदगी और जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों ने पालिका के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने सड़क जाम कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसका पुतला भी फूंका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं होती है। नालियां गंदगी से भरी हुई हैं और हर तरफ जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को लेकर नगर पालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी, जलभराव तथा सफाई व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। गंदगी के कारण दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। पास में एक मंदिर भी है और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
गंदगी व जलभराव के विरोध में स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जहां नारेबाजी की, वही प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर तख्त, साइकिलें और नसैनी आदि रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की आवाजाही रुक गई। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और जिला प्रशासन व पालिका प्रशासन से गंदगी व जलभराव की समस्या को दूर कराने की मांग की।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment