एक सप्ताह तक खिली चटख धूप के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा जमा रहा, जिससे भगवान भास्कर को बादलों की ओट में छिपने को मजबूर होना पड़ा।
बता दें कि बीते सात दिनों से पड़ रही तेज धूप के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिल रही थी और दोपहर के समय हल्की गर्मी का अहसास होने लगा था। हालांकि, बुधवार को मौसम में अचानक आए इस बदलाव और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बादलों के कारण मौसम में नमी आई है। वहीं अचानक बदले इस मौसम ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। सरसों और गेहूं की फसलों के लिए यह समय काफी महत्वपूर्ण है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यदि बादलों के साथ बूंदाबांदी होती है, तो फसलों में कीट लगने का खतरा बढ़ सकता है।












