
हसायन-4 फरवरी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिकतरा महासिंहपुर रोड़ पर कल देर शाम एक बोलेरो एन टेन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के तीन कार्यकर्ता मामूली रूप से घायल हो गए। उक्त सभी हसायन से राया में एक शादी समारोह मे शामिल होने जा रहे थे। उक्त हादसा कोहरे की वजह से माना जा रहा है।
बताया जाता है थाना क्षेत्र के इन्द्रनगर सिकतरा सलेमपुर महासिंहपुर मार्ग पर जल निकासी के लिए सड़क किनारे खोदे गए अस्थाई नाले के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देर शाम कोहरे की वजह से यह हादसा हो गया। बोलेरो एन टेन में सिद्धार्थ जादौन, गौरव और कुश प्रताप सिंह जादौन सवार थे। ये सभी भारतीय किसान यूनियन भानु गुट से जुड़े कार्यकर्ता हैं। उक्त लोग कस्बा के मौहल्ला अहीरान स्थित कोतवाली के पीछे से होते हुए जयपुर बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर जा रहे थे। वाहन भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के राष्ट्रीय प्रदेश सचिव/मंडलाध्यक्ष ठाकुर राम जादौंन का बताया गया है।
कस्बा के मौहल्ला अहीरान स्थित मोक्षधाम गृह श्मशान घाट स्थल पर जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तहसील स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सड़क के दोनों ओर गहरा गड्डा नुमा अस्थाई नाला खुदवाया गया था। इस नाले के कारण सड़क मार्ग संकरा हो गया है, जिससे वाहन को निकलने में परेशानी हुई। हादसे की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो में फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आयी हैं।












