सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र में मैजिक लोडर के चालक और परिचालक से डेढ़ लाख रुपये तथा मोबाइल लूटने की सूचना पुलिस जांच में झूठी निकली। पुलिस के अनुसार दोनों युवकों ने व्यापारी से मिले रुपये अपने मालिक को सौंप दिए थे और इसके बाद लूट की झूठी सूचना दे दी। हालांकि दोनों युवकों ने मालिक पर जबरदस्ती कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
बतादे कि सिकंदराराऊ निवासी व्यापारी संजय की दुकान से तालिब पुत्र अनवर निवासी नौरंगाबाद और शीलेश पुत्र कृपाल सिंह निवासी सराय मैजिक लोडर में हल्दीराम कंपनी की नमकीन लेकर हसायन आए थे।
यहां व्यापारी अनुज अग्रवाल की दुकान पर सामान उतारने के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। आरोप लगाया गया कि 26 नवंबर की शाम करीब छह बजे कौंडरा. नगला विजन मार्ग पर बंद पड़े मुर्गी फार्म के पास बाइक सवार चार युवकों ने उन्हें रोककर मारपीट की और डेढ़ लाख रुपये व मोबाइल लूटकर फार हो गए। सूचना पर हसायन और सिकंदराराऊ के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की तो लूट की कहानी सही नहीं मिली। हसायन कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि दोनों युवकों ने रुपये मालिक को दे दिए थे और बाद में लूट की सूचना दी। युवकों की ओर से भी तहरीर मिली है जिसमें मालिक पर जबरदस्ती कराने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।










