घटना से अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त , एसडीएम का किया घेरावसिकंदराराऊ। तहसील परिसर में चोरी की घटनाओं के बाद अब आगजनी की घटना होने से अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। तहसील परिसर में सीओ कार्यालय के नजदीक गुरुवार की रात्रि 10:30 बजे करीब अज्ञात शरारती तत्वों ने चाय के खोखे में आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते आसपास के कुछ अधिवक्ताओं के चैंबरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से अधिवक्ताओं के चैंबरों को नुकसान पहुंचा। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील परिसर में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से अधिवक्ताओं में शासन और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
शुक्रवार को आक्रोशित अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने तथा आगजनी और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग उठाई।अधिवक्ताओं की नाराजगी को देखते हुए उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने बैठक छोड़कर उनसे वार्ता की और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बैठक के बाद सभी अधिवक्ताओं ने एक राय होकर न्यायालयों के कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। तहसील परिसर में हुई आगजनी की घटना को लेकर शुक्रवार को चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।










