प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान: चला बुलडोजर: खलबली

हाथरस-28 जनवरी। शहर में बढ़ते अतिक्रमणों के चलते रोजाना बनती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आज प्रशासन के नेतृत्व में नगर पालिका प्रशासन द्वारा भारी पुलिस बल के साथ जहां बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। वहीं पक्के अतिक्रमणों पर पीले पंजे ने जमकर प्रहार करते हुए उन्हें ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों से पालिका टीम की जहां नोकझोंक हुई। वहीं दुकानदारों द्वारा अभियान में भेदभाव का आरोप लगाते हुए आक्रोश व्यक्त किया। अतिक्रमण हटाओ अभियान से अतिक्रमणकारियों में भारी खलबली मच गई।।
अतिक्रमण हटाओ अभियान आज शहर के अलीगढ़ रोड से शुरू होकर मोहनगंज, घंटाघर बाजार, बांस मंडी, घंटाघर चौराहा तथा कामरेड भगवान दास मार्ग मुरसान गेट, बौहरे वाली देवी तथा ओढ़पुरा तक चलाया गया।अभियान के दौरान नगर पालिका की जेसीबी ने कई कच्चे पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।इसके अतिरिक्त कुछ अतिक्रमणकारियों से मौके पर ही जुर्माना भी वसूला गया। दुकानों के आगे लगे तिरपाल, होर्डिंग्स और अन्य सामान को नगर पालिका कर्मचारियों ने जब्त कर ट्रैक्टर में लाद दिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों और नगर पालिका कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव किया जा रहा है, जिसके कारण मौके पर कुछ देर के लिए हंगामा भी हुआ।।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को देखते हुए कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और वहां से चले गए, जबकि कुछ अन्य दुकानदारों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लिए। नगर पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, नजूल इंस्पेक्टर व अन्य तमाम कर्मचारी तथा भारी पुलिस बल मौजूद था।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment