
हाथरस-28 जनवरी।चंदपा क्षेत्र के बामौली बिजली घर की विद्युत लाइन में दो जगह तार टूटने से बीती रात करीब 20 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस कारण ग्रामीणों को रात भर अंधेरे और खराब मौसम का सामना करना पड़ा।। जानकारी के मुताबिक कल शाम लगभग 5 बजे बामौली बिजली घर के गोलनगर फीडर की लाइन पर गोलनगर और अर्जुनपुर सहित दो स्थानों पर 33 हजार वोल्ट की लाइन के तार टूट गए थे।तार टूटने से गोलनगर, अर्जुनपुर, चाचपुर, भटेला, नगला मोतीराय, नगला मंसा, रोहई, पाराशर, नगला बरी, नगला दना, कोरना, रतमान गढ़ी और नगला मल्लू समेत लगभग 20 गांवों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा।बिजली न होने के कारण कई लोगों के इन्वर्टर और मोबाइल फोन भी बंद हो गए।। स्थानीय निवासी महेंद्र उपाध्याय ने बताया कि रात भर अंधेरा रहा। मोहित ने पानी की समस्या का जिक्र किया, वहीं कविता उपाध्याय ने सुबह के घरेलू कामकाज और बच्चों के स्कूल जाने में पानी की आवश्यकता पर जोर दिया।ग्रामीण रात भर बिजली घर पर फोन करते रहे और बिजली आने का इंतजार करते रहे। वहीं बामौली बिजली घर के जेई मुकेश ने बताया कि खराब मौसम के कारण दो जगहों पर तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, मरम्मत की जा रही है।












