सिकंदराराऊ। आगामी वर्ष 2027 में भाजपा सरकार की वापसी की कामना का संदेश लेकर गाजियाबाद से चार धाम की पदयात्रा पर रथ के साथ एक परिवार निकला । पदयात्रा कस्बा में पहुंची। जहां उनका स्वागत सम्मान किया गया।बतादें कि गाजियाबाद से 5100 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकला पूनम देवी का परिवार सिकंदराराऊ पहुंचा। पूनम देवी अपने पति, दो छोटी बच्चियों और भाई-भाभी के साथ पदयात्रा कर रही हैं। वह विशेष रथ को खींचकर आगे बढ़ रही हैं। रथ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर और वर्ष 2027 में भाजपा सरकार की वापसी की कामना का संदेश लिखा है। पूनम देवी ने बताया कि वह चारधाम पहुंचकर अपनी मनोकामना के लिए प्रार्थना करेंगी।
उन्होंने बताया कि वह 14 अक्टूबर को गाजियाबाद से यात्रा पर निकली थीं। उनके पति को वर्ष 2022 में लकवे का दौरा पड़ा था। इसके बाद परिवार के खर्च और पति के इलाज की जिम्मेदारी उन पर आ गई थी ।परिवार की आर्थिक मदद के लिए उन्होंने बाइक मैकेनिक का काम सीखा। जिसके बाद गाजियाबाद के एक चौराहे पर लकड़ी का खोखा रखकर अपना कार्य शुरू किया। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके खोखे में आग लगा दी । जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ। घटना के बाद उन्होंने पुलिस और प्रशासन से शिकायत की। पूनम देवी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान लेने के बाद प्रशासन ने उन्हें लोहे का खोखा दिया। इससे वह दोबारा अपना काम शुरू कर सकीं। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात में उन्होंने परिवार को संभालने के लिए मेहनत जारी रखी। अब चारधाम पदयात्रा पर वह भगवान से प्रार्थना कर रही हैं कि योगी आदित्यनाथ दोबारा मुख्यमंत्री बनें और 2027 में भाजपा की सरकार बने। उनके पति ने कहा कि पूनम देवी ने परिवार के लिए बहुत मेहनत की है। मुश्किल समय में मिली सरकारी मदद भी उनके लिए महत्वपूर्ण रही। इसके बाद यात्रा आगे को प्रस्थान कर गई।










