सिकंदराराऊ । हाथरस रोड स्थित पशु पैठ के पास गुरुवार की दोपहर को एक ट्रैक्टर और ट्रक की आमने-सामने की भिंडत हो गई। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर को एक ट्रैक्टर हाथरस की ओर से सिकंदराराऊ ओर आ रहा था। ट्रेक्टर में सीमेंट मिक्सर लगा था। जैसे ही ट्रैक्टर पशु पैठ के निकट पहुंचा। तभी ट्रैक्टर का चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर से ट्रक का अगला हिस्सा अंदर की ओर धंस गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। घटना के बाद हाथरस रोड पर जाम लग गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया । पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और कोतवाली पहुंचाया।










