गांव रुदायन स्थित केडीपी पब्लिक स्कूल में बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ज्ञान की देवी माँ सरस्वती की विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
शुक्रवार को कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रशांत पाठक (एडवोकेट) ने माँ सरस्वती के छबिचित्र के सामने दीप जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर किया। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भक्तिपूर्ण ढंग से सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। प्रबंधक प्रशांत पाठक ने बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माँ सरस्वती ज्ञान, साहित्य और समस्त कलाओं की जननी हैं। यह दिन अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर विद्या का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा देता है। प्रबंधक ने बच्चों को ऋतुराज बसंत के आगमन और प्रकृति में होने वाले सकारात्मक परिवर्तनों के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं में महक पाठक, दीक्षा महेश्वरी, अवधेश पाठक, उमा भारती तथा प्राची उपाध्याय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया।









