प्रसव के दौरान महिला एवं नवजात की हुई मौत, मचा कोहराम

सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव भैंकुरी निवासी एक महिला और उसके नवजात बच्चे की प्रसव के दौरान रविवार को मौत हो गई। महिला एवं नवजात की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया ।
बताया जाता है कि गांव भैंकुरी निवासी पूरन सिंह की 25 वर्षीय पत्नी सोनम को रविवार की सुबह प्रसव पीड़ा हुई थी। आनन फानन में परिजन उसे गंभीर हालत में हसायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां सोनम ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के कुछ ही मिनट बाद नवजात ने दम तोड़ दिया। सोनम की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी । जिसके बाद उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल लाते समय सोनम ने भी दम तोड़ दिया। जिला महिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया यह भी जाता है कि सोनम ने इससे पूर्व भी तीन बच्चियों को जन्म दिया था। इनमें से दो बच्चियों की प्रसव के तत्काल बाद ही मौत हो गई थी। अब उसकी केवल एक बच्ची जीवित है, जो दिव्यांग बताई जा रही है। परिवार के लोगों को यह उम्मीद थी कि इस बार बच्चा स्वस्थ पैदा होगा ,लेकिन नवजात बच्चे के साथ-साथ उसकी मां की भी मौत हो गई। महिला एवं नवजात की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment