जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराने, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव इकबालपुर में नामजदों द्वारा एक व्यक्ति की जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराने, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित ने कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है ।


गांव इकबालपुर निवासी बाबू सिंह उर्फ बाबूलाल पुत्र किशनलाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह गांव में स्थित एक भूमि के सहखातेदार हैं। आरोप है कि जुगेन्द्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव उमरावपुर ,सुरेश कुमार पुत्र भीके सिंह, रामविलास पुत्र हरी सिंह और सुखवीर सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह निवासीगण गांव गढ़िया इकबालपुर ने मिलकर उनकी भूमि हड़पने के लिए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए।गत 4 नवंबर 2025 को सुरेश कुमार के पक्ष में एक पंजीकृत विक्रय पत्र (बैनामा) कराया गया। आरोपियों को भूमि विवाद की जानकारी पहले से थी। जब उन्हें इस कथित बैनामे की जानकारी हुई, तो उन्होंने इसे निरस्त कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। 26 जून की शाम करीब छ बजे एटा रोड स्थित महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज के सामने जीटी रोड पर सभी आरोपी मिले। जब उसने ने बैनामा निरस्त करने की बात कही, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। साथ ही, पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment