सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन कोतवाली की जरेरा पुलिस चौकी के निकट बुधवार देर रात्रि एक पिकअप और कैंटर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई । हादसे में तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर तीनों को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया ।
बताया जाता है कि बुधवार की रात्रि 11 बजे करीब सिकंदराराऊ की ओर से एक कैंटर जलेसर की ओर जा रही थी। जैसे ही कैंटर जरेरा पुलिस चौकी के समीप पहुंची । तभी जलेसर की ओर से आ रही पिकअप गाड़ी की कैंटर से भिड़ंत हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर जरेरा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना में दोनों वाहन भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कैंटर चालक तेजवीर पुत्र प्रीतम सिंह निवासी आगरा एवं पिकअप में सवार राजू पुत्र मुन्ना व शादाब पुत्र मोहम्मद अबसार निवासीगण मानिकपुर जलेसर गंभीर रूप से एक घायल हुए है। आनन फानन में पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।












