हर हर महादेव, बम बम भोले के जयघोषों से गूंजे शिवालय
सिकंदराराऊ । पवित्र श्रावण मास के पहले सोमवार पर पूजा अर्चना के लिए शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक करने का सिलसिला शुरू हो गया। जिसके चलते शिवालयों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शिवालयो पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने को भक्तो का तांता भोर से लग गया । भक्तों ने दूध और गंगाजल से अपने आराध्य भगवान आशुतोष का आस्था के साथ जलाभिषेक किया।
सावन माह का पहला सोमवार होने पर भोर से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतार लग गई। महादेव के जयकारों से शिवालय गूंज रहे थे। हर हर महादेव, बोले शंकर के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शिवभक्त गंगाघाटो से कांवड़ में गंगाजल लेकर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, भांग,धतूरा,काले तिल, फल, पुष्प और मालाएं अर्पित कर पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की। भक्तों ने उपवास रखकर आस्था के साथ अपने आराध्य भगवान शिव शंकर की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर देश में सुख समृद्धि की मंगलकामना की । शिवालयों में पूजा अर्चना का दौर दोपहर तक चलता रहा। कस्बा के सभी शिव मंदिरों को भव्य ढंग से सजाया गया और शाम को भगवान शिव के आलौकिक श्रृंगार किए गए। शिव मंदिरों पर भव्य सजावट भी की गई । जिसके चलते शिवालयों में भगवान शंकर के दर्शन करने को भक्तों की खासी भीड़ उमड़ी।












