क्षेत्र के गांव खेड़ा फिरोजपुर में ब्लॉक महिला सह प्रमुख के सानिध्य में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 30 सितंबर को दिल्ली में होने वाले विशाल मातृशक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रदर्शन में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की गई।
सोमवार को आहूत बैठक की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष विष्णु कुमार शर्मा ने की। वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली में होने वाला यह प्रदर्शन महिलाओं की एकजुटता और अधिकारों की आवाज को बुलंद करने का माध्यम बनेगा। इसमें क्षेत्र से भारी संख्या में महिलाएं दिल्ली कूच करेंगी। बैठक के दौरान उपस्थित महिलाओं से वार्ता कर उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा समझाई गई और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस मौके पर श्रीमती किरण बाला और सर्वेश देवी मुख्य रूप से मौजूद रहीं। बैठक में करीब पचास महिलाओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।












